अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण के एक महत्वपूर्ण मुकाबले में भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 76 रनों की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम दबाव में बिखर गई और पूरी टीम मात्र 111 रनों पर सिमट गई। इस हार के साथ ही विश्व कप में भारत के लगातार 12 मैचों से चले आ रहे जीत का सिलसिला भी थम गया है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के विफल होने का क्रम जारी रहा, जहाँ ईशान किशन शून्य और तिलक वर्मा मात्र एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दुनिया के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे और 15 रन बनाकर मार्को यानसन का शिकार बने। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 18 रन से आगे नहीं बढ़ सके। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने भारतीय मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स के नाबाद 44 रनों ने स्कोर को 180 के पार पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने तीन और अर्शदीप सिंह ने दो विकेट झटके, लेकिन बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण गेंदबाजों की मेहनत रंग नहीं ला सकी। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।



