छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। नगर पालिका परिषद नौगांव के सफाई मित्रों की हड़ताल रविवार को सातवें दिन भी जारी रही, जिससे पूरे नगर की सफाई व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो गई है। करीब एक लाख की आबादी और 20 वार्डों वाले नगर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में बढ़ती गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ने लगी है।


सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी के नेतृत्व में दूसरे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में सीएमओ, नगर पालिका इंजीनियर धर्मेंद्र चौबे, पार्षद अरविंद यादव, जितेंद्र कुलदीप, श्रीराम यादव, भारती साहू, अंजना राजपूत, ममता यादव, श्याम सुंदर अर्जरिया सहित समाजसेवियों और नगर पालिका के अन्य कर्मचारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर सफाई कार्य किया।


स्वच्छता अभियान न्यू कॉलोनी चौराहे से प्रारंभ होकर वीरेंद्र कॉलोनी, स्टेडियम, बस स्टैंड, तिवारी मोहल्ला और मुसाफिरखाना सहित नगर के प्रमुख क्षेत्रों में चलाया गया। इस दौरान कचरा वाहन के माध्यम से घरों और बाजारों से कचरा एकत्र किया गया तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया गया। व्यापारियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर सफाई कर कचरा निर्धारित स्थानों पर रखकर अभियान में सहयोग दिया।


नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी ने विश्वास जताया कि सफाई मित्र जल्द ही कार्य पर लौटेंगे और उनके वापस आने के बाद पूरे नगर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।


इधर सफाई मित्र अपनी मांगों पर अडिग हैं। उनका कहना है कि सीएमओ के विरुद्ध कार्रवाई और उन्हें हटाए जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच कोई समाधान नहीं निकल सका है। नगरवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वार्ता कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है, ताकि नगर की सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके और बरसात के दौरान स्वास्थ्य संबंधी खतरे से बचाव किया जा सके।