छतरपुर/बड़ामलहरा,लोकेन्द्र सिंह। सिविल अस्पताल बड़ामलहरा में शनिवार को भारत सरकार की टीबी उन्मूलन पहल के तहत ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमंत मरैया के नेतृत्व में टीबी मरीजों के लिए पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 50 टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई। प्रत्येक किट में लगभग 5 किलोग्राम खाद्य सामग्री शामिल थी, जिसमें आटा, दाल, चना, दलिया और मूंगफली दी गई, ताकि मरीजों को पौष्टिक आहार मिल सके और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो।
कार्यक्रम में मयंक डेवड़िया, राघव राजा, संजीव जैन, नितिन चौधरी, सतेंद्र सिंह बुंदेला, कौशल जैन एवं अब्बास खान ने किट वितरण और व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।
इसी अवसर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमंत मरैया की पुत्री के नीट (NEET) परीक्षा में चयन होने की खुशी को मानव सेवा से जोड़ते हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 27 यूनिट रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। रक्तदाताओं ने मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के समापन पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सामूहिक भोजन में सहभागिता की तथा डॉ. हेमंत मरैया की पुत्री को नीट परीक्षा में चयनित होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष निशा आनंद सिंह बुंदेला, जनपद पंचायत अध्यक्ष राघव राजा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम यादव, गिरजा प्रसाद पटेरिया, मयंक डेवड़िया, नितिन चौधरी, संजीव जैन, जय हिंद यादव, जीत सिंह, मनोज यादव, सुयश असाटी, सीताराम मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




