छतरपुर, रोहित पाठक। प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री कांची सिंह हाल ही में छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने बागेश्वर महाराज की कथा श्रवण की, मंदिर में बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और महाराज जी से विशेष मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


धाम में उमड़ी विशाल श्रद्धालु भीड़ और भक्तों की गहरी आस्था को देखकर कांची सिंह भावुक और आश्चर्यचकित नजर आईं। उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत से जुड़े होने के बावजूद बागेश्वर धाम का आध्यात्मिक वातावरण और यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की श्रद्धा ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।


कांची सिंह ने बताया कि जब उनकी पहली बार बागेश्वर महाराज से मुलाकात हुई तो उन्हें एक छोटी बहन जैसा स्नेह और अपनापन महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि महाराज जी का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।


उन्होंने यह भी कहा कि देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बागेश्वर धाम पहुंच रहे हैं, जो इस स्थान के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक है। धाम में आकर वे स्वयं को गौरवान्वित और अत्यंत प्रसन्न महसूस कर रही हैं। अंत में उन्होंने कामना की कि बागेश्वर बालाजी की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर सदैव बनी रहे।