Sunday, February 22, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशउज्जैनमहाकाल की नगरी के आदित्य का 'कैंची तंत्र'! 32 कैंचियों से 5 मिनट में हेयरकट कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

महाकाल की नगरी के आदित्य का 'कैंची तंत्र'! 32 कैंचियों से 5 मिनट में हेयरकट कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Post Media
News Logo
PeptechTime
22 फ़रवरी 2026, 08:02 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

उज्जैन। उज्जैन के युवा हेयर स्टाइलिस्ट आदित्य देवड़ा ने अपनी अनोखी तकनीक से बालों की कटिंग कर कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने एक साथ 28 से 32 कैंचियों का इस्तेमाल कर हेयरकट करने की महारत हासिल की है, जिसके चलते उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हो चुका है।


आदित्य अलखधाम नगर, उज्जैन के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर चीन के एक हेयर स्टाइलिस्ट का वीडियो देखकर वे प्रेरित हुए। उस वीडियो में एक व्यक्ति कई कैंचियों से एक साथ हेयरकट कर रहा था। इससे प्रभावित होकर आदित्य ने इस तकनीक को सीखने का संकल्प लिया और पूरे पांच साल के कठिन अभ्यास व प्रयोग के बाद इसमें महारत हासिल की।


रिकॉर्ड बनाने की शुरुआत 2022 से

2022 में सोशल मीडिया पर मिले एक चैलेंज के बाद आदित्य ने पहली बार 28 कैंचियों से हेयरकट कर कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि से उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। आगे बढ़ते हुए 2024 में उन्होंने 30 कैंचियों और फिर 32 कैंचियों से हेयरकट कर नया रिकॉर्ड बनाया, जिसके बाद लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी उनकी उपलब्धि शामिल हुई।


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान

आदित्य ने कजाखस्तान में आयोजित एशियाई ग्लोबल चैंपियनशिप 2024 में हिस्सा लिया और तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा 2025 में लंदन में हुए वर्ल्ड कप में उन्होंने 150 देशों के प्रतियोगियों के बीच भाग लिया और अपनी कला का लोहा मनवाया।


समय और शुल्क में बड़ा बदलाव

आदित्य बताते हैं कि पहले एक सामान्य कैंची से हेयरकट करने में 15 से 20 मिनट लगते थे और शुल्क मात्र 70 रुपये था। अब 32 कैंचियों की मदद से वे मात्र 4 से 5 मिनट में हेयरकट पूरा कर लेते हैं और इसके लिए 450 रुपये तक चार्ज करते हैं। उनकी इस अनोखी कला की वजह से गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार समेत कई राज्यों से लोग उज्जैन पहुंचकर उनके सैलून में हेयरकट करवाने आते हैं।


Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)