छतरपुर। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में तैनात छतरपुर जिले के युवा सिपाही सुंदरम तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से उनके पैतृक ग्राम व्यास बदोरा में गम और गुस्से का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि निलंबन के बाद उपजे गंभीर मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
वर्ष 2023 में यूपी पुलिस सेवा ज्वाइन करने वाले 27 वर्षीय सुंदरम तिवारी अलीगढ़ की रामनगर कॉलोनी में अपने पिता के साथ किराए के मकान पर रहकर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे सामने आई इस हृदयविदारक घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों और स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे तथ्यों के मुताबिक मानसिक तनाव और डिप्रेशन को युवा सिपाही सहन नहीं कर सका, जिसके चलते यह दुखद हादसा हुआ।
ये भी पढ़ें




आवश्यक पोस्टमार्टम और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके गृह ग्राम व्यास बदौरा पहुंचा। गांव में भारी नम आंखों के बीच अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई। अंतिम यात्रा में शामिल उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों की आंखें नम थीं। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और परिजनों में अलीगढ़ पुलिस प्रशासन के रवैए व कार्रवाई को लेकर भारी रोष व्याप्त है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर इस पूरे मामले और मौत के कारणों की आधिकारिक जांच अभी जारी है।














