भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे मिंटो हॉल में मध्य प्रदेश को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए मध्य प्रदेश एक्सपोर्ट एंड एफटीए कॉन्क्लेव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्घाटन एमएसएमई मंत्री और भोपाल के प्रभारी मंत्री चेतन कश्यप द्वारा किया गया। कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना और निर्यात के लिए नए मार्ग प्रशस्त करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुक्त व्यापार समझौतों यानी एफटीए के माध्यम से मध्य प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक बाजारों में नए और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर गहन मंथन किया जा रहा है। मंत्री चेतन कश्यप के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा अब तक किए गए 7 मुक्त व्यापार समझौतों का सीधा लाभ प्रदेश के उद्यमियों तक पहुँचाना इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य है। इसके जरिए 'विकसित भारत 2047' के संकल्प के अनुरूप मध्य प्रदेश को भी एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
इस कॉन्क्लेव में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न उद्योग संगठनों और प्रदेश के प्रमुख निर्यातकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इसके साथ ही, 'एक जिला-एक उत्पाद' यानी ओडीओपी योजना के तहत प्रदेश के विशेष और पारंपरिक उत्पादों की एक भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है, जो यहाँ आने वाले लोगों और निवेशकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र है।














