छतरपुर, शिवम सोनी। आगामी दीपावली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से मनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने पटाखों की दुकानों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कलेक्टर मृणाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर तथा एडीएम विनय द्विवेदी के मार्गदर्शन में शहर के रिहायशी इलाकों और बीच बाजार में पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अब पटाखों की दुकानें शहर से दूर हाईवे स्थित एनएचएआई के रेस्ट एरिया में संचालित की जाएंगी।
सीएसपी अरुण सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले शहर के बीचों-बीच और रहवासी इलाकों में पटाखों की दुकानें लगाई जाती थीं, जिससे आगजनी एवं अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इस बार नई व्यवस्था लागू की है। एनएचएआई के रेस्ट एरिया को पटाखों की दुकानों के लिए चिन्हित कर अनुमति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि दुकानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके तहत फायर ब्रिगेड, बिजली और पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।














