तिरुपति (आंध्र प्रदेश), 5 नवंबर । आंध्र प्रदेश में गुरुवार को जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (जेडपीटीसी) और मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (एमपीटीसी) के चुनावों के दौरान मतदान के समय तनाव बढ़ गया। वाईएसआर कडप्पा और तिरुपति जिलों के कुछ हिस्सों से पेट्रोल बम हमलों और झड़पों की खबरें आईं।तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने इन घटनाओं के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहराया।

वाईएसआर कडप्पा जिले के पुलिवेंदुला निर्वाचन क्षेत्र के एर्रामपल्ली गांव में एक मतदान केंद्र के पास पेट्रोल बम फेंके गए, जिससे मतदाताओं और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। एर्रामपल्ली गांव को वाईएसआरसीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी का गढ़ माना जाता है।

खबरों के अनुसार, यह घटना तब हुई जब पुलिस ने बढ़ते तनाव के बीच वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं के एक समूह को मतदान केंद्र में प्रवेश करने से रोका।

कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मतदान केंद्र के पास पेट्रोल बम फेंके। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए।

तिरुपति जिले के पेनागलुरु मंडल के नल्लापुरेड्डीपल्ले गांव में भी इसी तरह की घटना सामने आई, जहां वाईएसआरसीपी नेताओं ने आरोप लगाया कि टीडीपी के नेतृत्व वाले एनडीए के समर्थकों ने उनके मतदान एजेंटों पर पेट्रोल बम से हमला किया।

वाईएसआर कडप्पा जिले के नंदुलुरु में भी तनाव की खबर है, जहां पुलिस ने बाहरी लोगों को इलाके में ला रहे वाहनों को रोका।

पार्वतीपुरम मन्यम जिले के चिलाकलापल्ली में भी टीडीपी और वाईएसआरसीपी समर्थकों के बीच झड़प की खबरें आई हैं जबकि विजयनगरम जिले में एक मतदान केंद्र के पास वाईएसआरसीपी और जन सेना पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होने की खबर है। दोनों मामलों में पुलिस ने हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल की।

इस बीच, राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) ने बताया कि गुरुववार सुबह 11 बजे तक 21.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मंडल परिषद क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों (एमपीटीसी) और जिला परिषद क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्रों (जेडपीटीसी) के लिए 31,460 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ।

लगभग 2.61 करोड़ मतदाता मतदान में भाग लेने के पात्र हैं, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। राज्य भर में 582 जेडपीटीसी और 7,767 एमपीटीसी सीटों के लिए मतदान हो रहा है।