घायल भाजपा नेत्री का हाल जानने अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री, प्रदर्शन के दौरान सिर में लगा था पत्थर

Advertisement
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान स्थानीय सीएचएल अस्पताल पहुँचकर उपचाररत भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुश्री बिंदु चौहान से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि सुश्री चौहान विगत दिवस एक प्रदर्शन के दौरान घायल हो गई थीं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के बेड तक जाकर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने सुश्री चौहान के साहस की सराहना करते हुए उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन उनके साथ खड़ा है। अस्पताल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपचार कर रहे वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम से भी विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने चिकित्सकों से बिंदु चौहान के स्वास्थ्य की प्रगति के संबंध में जानकारी ली और निर्देश दिए कि उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न आने दी जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और इलाज के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में मौजूद सुश्री बिंदु चौहान के परिजनों से भी आत्मीय भेंट की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि वर्तमान चुनौतीपूर्ण समय में सरकार उनके साथ है और उपचार के संबंध में आने वाली किसी भी आवश्यकता को तत्काल पूर्ण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


