छतरपुर में सड़क पर 'गौ-माता' लावारिस मिली तो लगेगा जुर्माना, कचरा फेंकने पर भी लगेगा झटका

Advertisement
विनोद मिश्रा, छतरपुर। शहर की सड़कों को आवारा पशुओं से मुक्त करने और स्वच्छता को पंख लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अब 'डंडा' चलाने की तैयारी कर ली है। सड़कों पर पालतू गायों को खुला छोड़ने और घर के बाहर कचरा फेंकने की आदतों पर लगाम कसने के लिए सीएमओ माधुरी शर्मा ने सख्त जुर्माना प्रणाली लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
नए नियमों के मुताबिक, यदि कोई पशुपालक अपनी पालतू गाय को सड़क पर आवारा घूमते हुए छोड़ता है, तो उसे ₹1000 का अर्थदंड भरना होगा। वहीं, सार्वजनिक स्थानों या घर के बाहर गंदगी फैलाने वालों से ₹500 की चालानी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका का यह कड़ा रुख शहर में बढ़ रही पशुओं की मौतों और सड़क हादसों को देखते हुए सामने आया है। दरअसल, सड़कों पर फेंका गया पॉलिथीन और सड़ा-गला कचरा खाने से बेजुबान गायों की असमय मौत हो रही है, जो पशु प्रेमियों के लिए गहरी चिंता का विषय है।
इसके अलावा, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा की गई बैरिकेडिंग के बावजूद हाईवे पर पशुओं का डेरा जमा रहता है, जिससे आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। इन तमाम समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन ने अब नागरिकों की सीधी जवाबदेही तय कर दी है।
नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पालतू पशुओं की जिम्मेदारी स्वयं संभालें और उन्हें खूंटे से बांधकर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए कचरा हमेशा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
सीएमओ ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और नगर पालिका की टीमें लगातार गश्त कर जुर्माना वसूलेंगी।


