गुना। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' के दौरान निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित कार्यक्रम में बिहार की चर्चित लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ भी शामिल हुईं। कार्यक्रम में नेहा सिंह राठौड़ ने अपने लोकगीतों के माध्यम से 'चंदा चोरी' जैसे मुद्दों पर तीखा व्यंग्य किया, जिस पर मंच पर मौजूद दिग्विजय सिंह झूमते नजर आए। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह ने मौजूदा राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने की मांग उठाते हुए कहा कि जिनके नेतृत्व में भगवान राम के नाम पर कथित चोरी हुई है, उन्हें ट्रस्ट में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। इस दौरान मंच पर कम्प्यूटर बाबा भी उनके साथ उपस्थित रहे।


ओरछा के रामराजा सरकार की ऐतिहासिक मान्यता का किया उल्लेख

अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने ओरछा के इतिहास और भगवान रामराजा सरकार से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बुंदेला राजा भगवान कृष्ण के अनन्य भक्त थे, जबकि महारानी भगवान राम की उपासक थीं। दोनों के बीच अपने-अपने आराध्य को लेकर संवाद हुआ था, जिसमें राजा ने कहा था कि जब तक महारानी भगवान राम को ओरछा नहीं लाएंगी, तब तक वे यह मानेंगे कि भगवान राम, भगवान कृष्ण से बड़े हैं। इसके पश्चात महारानी भगवान राम को ओरछा लाने के लिए अयोध्या पहुंचीं और अन्न-जल त्याग दिया। मान्यता के अनुसार, भगवान राम ने स्वप्न में दर्शन देकर अपनी प्रतिमा का स्थान बताया और शर्त रखी कि जहां प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी, वे वहीं विराजमान रहेंगे। इसी परंपरा के तहत आज भी ओरछा में भगवान राम की पूजा राजा के रूप में होती है। कथा सुनाते समय दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिस स्थान पर भगवान राम की प्रतिमा स्थापित की गई, वहां महाराज का महल था। इस पर पास बैठीं उनकी पत्नी अमृता सिंह ने बीच में टोकते हुए कहा कि "महारानी का भी महल था।" इस पर दिग्विजय सिंह ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि हां, महाराजा और महारानी दोनों के महल थे। उनके इस सहज उत्तर पर मंच और पंडाल में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और जमकर ठहाके लगाए।


भाजपा, आरएसएस और विहिप पर बोला तीखा हमला

दिग्विजय सिंह ने बाबरी मस्जिद हटाने के संघर्ष में भाजपा और RSS की भूमिका को लेकर किए जाने वाले दावों पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि इस आंदोलन में अनेक अन्य संगठनों और लोगों का भी योगदान रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में राम मंदिर का शिलान्यास कराया गया था, जबकि पीवी नरसिंह राव सरकार ने 67 एकड़ भूमि को सरकारी घोषित कर संतों और निर्मोही अखाड़े की मौजूदगी में न्यास बनाने का आदेश दिया था। भाजपा और विश्व हिंदू परिषद पर धर्म के नाम पर स्वार्थ साधने व नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अपने आवास के बाहर लगे बोर्ड का जिक्र किया, जिस पर लिखा है— "चंदा चोरों का मेरे घर में प्रवेश निषेध है।" यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने श्रद्धालुओं के साथ रामराजा सरकार मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके अतिरिक्त बेतवा नदी के कंचना घाट पर आयोजित पार्थिव शिवलिंग निर्माण में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया तथा शिव पूजन और कन्या भोज सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।