भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। शहर के मनीष मार्केट स्थित हॉकर्स कॉर्नर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 2:30 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते 6 से 7 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय रहवासियों और नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक प्रयासों के बावजूद आग तेजी से फैलती रही, जिससे दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के दौरान किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

