छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के मामोन गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट हुई, जिसमें कुल 11 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद रविवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना में एक पक्ष के 8 लोग और दूसरे पक्ष के 3 लोग घायल हुए हैं। पहले पक्ष से पांच पुरुष और तीन महिलाएं घायल बताई गई हैं। घायलों में धर्मचंद राजपूत, चंद्रभान राजपूत, शिवदयाल राजपूत, रामकुमार राजपूत, देवराज राजपूत, राजकली और फूलबाई सहित एक अन्य महिला शामिल हैं। इस हमले में एक गर्भवती महिला भी घायल हुई है, जिसके सिर और पेट में चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन चिंतित हैं।
दूसरे पक्ष से वीरेंद्र राजपूत (27), किशोरी लाल राजपूत और प्रभा राजपूत घायल हुए हैं। मारपीट की इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।















