नई दिल्ली। भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में पिछले एक दशक के दौरान तेजी से विस्तार हुआ है, लेकिन विकास के अगले चरण में देश को भारतीय स्वामित्व वाले उत्पादों, टेक्नोलॉजी, कंपोनेंट्स और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी के विकास पर ध्यान देना चाहिए, जिससे मूल्य सृजन में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाई जा सके। यह जानकारी भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से रविवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई।'मेकिंग इंडिया ए प्रोडक्ट नेशन: फ्रॉम मेकिंग इलेक्ट्रॉनिक्स टू ओनिंग मोर ऑफ व्हाट इज मेड' शीर्षक वाली इस रिपोर्ट का अनावरण इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव सुशील पाल ने नई दिल्ली में आयोजित 9वें इलेक्ट्रॉनिक्स समिट के दौरान किया।
इस समिट का आयोजन 'इंडिया@500बी: फ्रॉम लोकल टू ग्लोबल – रियलाइजिंग आत्मनिर्भर इलेक्ट्रॉनिक्स फॉर ग्लोबल लीडरशिप' विषय के तहत किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 2025-26 में बढ़कर 13.11 लाख करोड़ रुपए हो गया, जबकि निर्यात बढ़कर 4.24 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
हालांकि, रिपोर्ट में कहा गया है कि विनिर्माण क्षेत्र में हुई वृद्धि के अनुरूप महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, कंपोनेंट्स, डिजाइन क्षमताओं और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी पर घरेलू स्वामित्व विकसित नहीं हो पाया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि 2023-24 में मोबाइल फोन विनिर्माण में घरेलू मूल्यवर्धन की हिस्सेदारी 23 प्रतिशत थी। यह दर्शाता है कि भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स की पूरी मूल्य श्रृंखला में अपनी स्थिति मजबूत करने और देश में पैदा होने वाले मूल्य का बड़ा हिस्सा अपने पास बनाए रखने की जरूरत है।
अधिकतम संभावनाओं वाले क्षेत्रों की पहचान करने के लिए रिपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की 23 श्रेणियों में अवसरों का आकलन किया गया। इन श्रेणियों को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से चिन्हित 30 श्रेणियों में से समेकित किया गया था।
मांग की संभावनाओं, मौजूदा घरेलू क्षमताओं, उत्पादन बढ़ाने की क्षमता, आयात पर निर्भरता और स्वामित्व की संभावनाओं जैसे मानकों के आधार पर गहन विश्लेषण के लिए 10 प्राथमिकता वाले उत्पादों को चुना गया।
इनमें स्मार्टफोन, चार्जर और पावर सप्लाई सिस्टम, लैपटॉप और नोटबुक, औद्योगिक नियंत्रण प्रणाली, एयर कंडीशनर, माइक्रो और छोटे मोटर, सर्वर, ऑडियो उत्पाद और हियरएबल्स, सुरक्षा कैमरे और स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी 10 उत्पाद श्रेणियों में विनिर्माण क्षमताएं पहले से मौजूद हैं या विकसित हो रही हैं, लेकिन भारत इनमें से नौ श्रेणियों के महत्वपूर्ण कंपोनेंट्स के उत्पादन में अभी भी कमजोर है।
वहीं, इन 10 में से आठ उत्पाद श्रेणियों में डिजाइन और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी से जुड़ी क्षमताएं उभरने लगी हैं, जिससे तकनीकी स्वामित्व बढ़ाने के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सभी उत्पाद श्रेणियों के लिए एक जैसी नीतिगत रणनीति प्रभावी नहीं होगी। इसके बजाय क्षमताओं के विकास के लिए चार अलग-अलग रास्ते अपनाने का प्रस्ताव दिया गया है।
इनमें मौजूदा मजबूत क्षमताओं को और सुदृढ़ करते हुए उनका स्वामित्व हासिल करना, उत्पाद विकास की क्षमताएं तैयार करना, मानकों और सरकारी खरीद का लाभ उठाना और जहां घरेलू क्षमताओं की कमी अधिक है, वहां कंपोनेंट आधारित रणनीति अपनाना शामिल है।
रिपोर्ट में पांच महत्वपूर्ण क्षमता समूहों की भी पहचान की गई है, जो कई उत्पाद श्रेणियों में विकास को गति दे सकते हैं। इनमें फर्मवेयर और साइबर सुरक्षा प्रौद्योगिकियां, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, डिस्प्ले और ऑप्टिक्स, सेंसर, कंप्यूट और मेमोरी प्रौद्योगिकियां तथा मोटर, मैग्नेट और उन्नत सामग्री शामिल हैं।
रिपोर्ट में इस बात पर फोकस किया गया है कि घरेलू क्षमताओं का विकास व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य होना चाहिए। इसके लिए मांग बढ़ाने, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) में निवेश, परीक्षण संबंधी बुनियादी ढांचे, कुशल कार्यबल के विकास और स्थिर नीतिगत ढांचे का समर्थन जरूरी है।

















