भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार बनाने और बेचने वाली फैक्ट्री का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी तलैया थाना क्षेत्र में “फाइन शार्पिंग शॉप” नाम से दुकान संचालित कर उसकी आड़ में अवैध हथियार तैयार कर रहा था।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बड़ी धारदार लोहे की छुरियां, छुरी बनाने में इस्तेमाल होने वाली मूठ लगी बिना धार की 6 ब्लेड और 7 अन्य कच्ची ब्लेड बरामद की हैं। इसके अलावा जमीन में स्थायी रूप से गड़ी बड़ी ग्राइंडर मशीन, धार लगाने वाली मशीन, ड्रिल मशीन, बड़ा कटर, हथौड़ी, निहाई और हैंड ग्राइंडर सहित हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए।


पुलिस ने मौके से 2 इलेक्ट्रिक मोटर, छैनी, आरी, प्लास तथा छुरी की मूठ पर लगने वाली 50 रिविट और फाइबर भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में दुकान की आड़ में धारदार हथियार तैयार करने और उनकी बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है।


आरोपी द्वारा हथियार निर्माण एवं बिक्री के संबंध में वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसके खिलाफ तलैया थाना क्षेत्र में धारा 25(1AA) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।