नई दिल्ली। नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, एनएचबी ने विभिन्न स्केल में अधिकारियों की भर्ती (नियमित, अनुबंध-आधारित और प्रतिनियुक्ति पर) करने के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके कुल 6 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है। नेशनल हाउसिंग बैंक ने डेप्युटेशन (प्रतिनियुक्ति) के आधार पर टीईजी स्केल-VII में जनरल मैनेजर (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) और टीईजी स्केल-VI में डिप्टी जनरल मैनेजर (ह्यूमन रिसोर्स); रेगुलर आधार पर एसएमजी स्केल-V में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (अकाउंट्स), एमएमजी स्केल-III में मैनेजर (ह्यूमन रिसोर्स) और एमएमजी स्केल-III में मैनेजर (लीगल); तथा कॉन्ट्रैक्ट पर डिप्टी जनरल मैनेजर (कंपनी सेक्रेटरी) के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 अक्तूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनएचबी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जनरल मैनेजर (सूचना प्रौद्योगिकी) के लिए कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में बीटेक/बीई, डिप्टी जनरल मैनेजर (मानव संसाधन) के लिए एमबीए (एचआर)/पीजीडीएम (एचआर), असिस्टेंट जनरल मैनेजर (अकाउंट्स) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट/कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट/एमबीए (फाइनेंस) या पीजीडीएम (फाइनेंस), मैनेजर (मानव संसाधन) के लिए एमबीए (एचआर)/पीजीडीएम (एचआर), मैनेजर (कानूनी) के लिए एलएलबी/एलएलएम और डिप्टी जनरल मैनेजर (कंपनी सेक्रेटरी) के लिए ग्रेजुएट डिग्री के साथ ही इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) की सदस्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर का अच्छा ज्ञान और प्रासंगिक क्षेत्र में पद के अनुसार निर्धारित 3 से 12 वर्षों के बीच अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु पद के अनुसार 25 से 33 वर्ष के बीच और अधिकतम आयु पोस्ट के तहत 35 से 56 वर्ष के मध्य तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की प्रारंभिक जांच, समूह चर्चा (यदि उम्मीदवारों की संख्या अधिक हो), शॉर्टलिस्टिंग, और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी मैनेजर पद के लिए 85,920 से 1,05,280 रुपए के बीच, असिस्टेंट जनरल मैनेजर के लिए 1,20,940 से 1,35,020 रुपए के बीच और डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए 3.5 लाख रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 850 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 175 रुपए तय की गई है।














