जबलपुर, अनुराग शुक्ला । मदनमहल थाना क्षेत्र स्थित होटल टिमटिम में रविवार को पति-पत्नी और एक अधिवक्ता के बीच विवाद के बाद हंगामा हो गया। बताया गया कि पति ने अपनी पत्नी को परिचित अधिवक्ता के साथ होटल में देखा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई और हंगामा होटल से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पति-पत्नी के बीच करीब चार वर्षों से विवाद चलने और मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की जानकारी सामने आई है। रविवार को महिला अपने अधिवक्ता के साथ होटल पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति भी वहां पहुंच गया। पति ने पत्नी और अधिवक्ता के बीच बातचीत को लेकर पहले से संदेह होने की बात कही। दोनों को साथ देखने के बाद विवाद शुरू हो गया।
हंगामे के दौरान पति ने सार्वजनिक रूप से पत्नी को तीन बार “तलाक” कहने का दावा किया। हालांकि, इस दावे की कानूनी स्थिति और घटनाक्रम से जुड़े अन्य आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान होटल के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। कपड़े फटने और झूमाझटकी की बात भी सामने आई है।
वहीं, महिला के साथ मौजूद अधिवक्ता ने पति के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि महिला उनकी क्लाइंट है और होटल में उससे कानूनी मामले को लेकर चर्चा की जा रही थी। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पति ने उनके साथ मारपीट की और महिला से अनुचित संबंध होने के आरोप लगाए।
दूसरी ओर, महिला ने भी पति पर पूर्व में मारपीट, प्रताड़ना और धमकी देने जैसे आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से पति से अलग रह रही है और अधिवक्ता के साथ होटल में उसकी मुलाकात कानूनी मामले के सिलसिले में हुई थी।
मामले की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्ष बाद में थाने भी पहुंचे, जहां एक बार फिर विवाद की स्थिति बनने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और पक्षकारों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। होटल में वास्तव में क्या हुआ और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।











