कटनी, सुमित पाण्डेय। शहर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर युवा कांग्रेस ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय का महाघेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गणेश चौक पर एकत्र हुए और दिलबहार चौक व सुभाष चौक होते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए निगम के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
आंदोलन का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया, प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रांधेलिया और जिलाध्यक्ष मोहम्मद इजराइल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने शहर की सीवर लाइन, पार्किंग, जर्जर सड़कों, बिजली, सफाई और पेयजल सहित कई समस्याओं को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। साथ ही कमीशनखोरी के आरोपों की जांच की मांग भी उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान अमीरगंज गौशाला की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा संचालित गौशाला में चारा, पानी, उपचार और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण मवेशियों की स्थिति खराब हो रही है। नेताओं ने गौशाला की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि गौशाला की स्थिति को लेकर अफसरों और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी से लोगों में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौशाला में मिलने वाले बजट के उपयोग की जांच कराई जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मवेशियों के भोजन, इलाज और साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग की। महाघेराव के दौरान नगर निगम कार्यालय के बाहर पुलिस की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।











