मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। अमदरा थाना क्षेत्र के ग्राम धनवाही खुर्द में कच्चे मकान की लकड़ी उठाने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान उसके चचेरे भाई ने लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया था। गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिए कटनी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना 27 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे रमेश सिंह गोंड के घर के आंगन में हुई। बारिश के कारण उनका कच्चा मकान गिर गया था। मकान में लगी लकड़ियों को उठाने को लेकर परिवार के लोगों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान रमेश सिंह गोंड की पत्नी सुंदर बाई गोंड और उनके चचेरे भाई लाल सिंह गोंड उर्फ लाला के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
शिकायत के मुताबिक विवाद बढ़ने पर लाल सिंह ने लोहे की रॉड से सुंदर बाई के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए कटनी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद अमदरा थाना पुलिस ने फरियादी रमेश सिंह गोंड की शिकायत पर अपराध क्रमांक 303/26 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। महिला की मौत के बाद आरोपी लाल सिंह गोंड उर्फ लाला को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और विवाद की परिस्थितियों व घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











