उज्जैन, अशोक दायमा। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के बीच रविवार को उज्जैन में तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से विरोध और पथराव शुरू होने की सूचना सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और हालात पर लगातार नजर रखी गई। शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर पहले से ही विरोध जारी था। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 9 सितंबर को मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिकाएं खारिज कर दी थीं।
यह भी पढि़ए: 10 साल बाद रविवार को खुले बैंक:आज ही निपटा लें जरूरी काम, कल से 3 दिन तक रहेगी बैंकों की हड़ताल, प्रदेश में 16,500 करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की आशंका
शहर काजी ने जारी किया वीडियो संदेश
शहर काजी खलीलुर्रहमान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि शाही मस्जिद कमेटी स्वयं अपने हाथों से मस्जिद का निर्धारित हिस्सा हटा रही है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फिजूल की बातें फैलाकर माहौल खराब नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उज्जैन अपना शहर है और इसकी हिफाजत की जिम्मेदारी भी सभी की है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।











