जबलपुर, अनुराग शुक्ला। ‘जीना इसी का नाम है’ क्लब एवं आकर्षण स्किल हाउस के संयुक्त तत्वावधान में गरबा उत्सव उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गोल्डन स्टार स्कूल, आकर्षण स्कूल, आकर्षण स्किल हाउस के प्रतिभागियों सहित अधारताल एवं विजय नगर क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन में भक्ति, सांस्कृतिक उल्लास और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।
आकर्षण स्कूल एवं आकर्षण स्किल हाउस की डायरेक्टर मंजुषा श्रीवास्तव तथा गोल्डन स्टार स्कूल एवं ‘जीना इसी का नाम है’ क्लब की डायरेक्टर अनामिका सिंघई ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना और पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से समाज को एक सूत्र में जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गरबा मां दुर्गा की आराधना, आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।
उत्सव में प्रतिभागियों ने अपनी नृत्य कला, तालमेल और आत्मविश्वास से कार्यक्रम को यादगार बनाया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं और बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में आयोजकों ने समस्त नगरवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

















