छतरपुर, संजय अवस्थी। बिजली विभाग में मेंटेनेंस हेल्पर के पद पर कार्यरत संतोष अनुरागी पिता लालाराम, उम्र 30 वर्ष, निवासी अमानगंज मोहल्ला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। संतोष 11 केवी लाइन पर काम कर रहे थे, जबकि उसी स्थान से 33 केवी लाइन भी निकली हुई थी। बताया गया कि 11 केवी लाइन बंद थी, लेकिन 33 केवी लाइन चालू होने के कारण संतोष करंट की चपेट में आ गए।
मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रामलाल अनुरागी के कहने पर संतोष खंभे पर चढ़कर काम करने गए थे, लेकिन बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं की गई थी। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद अभी तक बिजली विभाग का कोई अधिकारी उनके घर नहीं पहुंचा है। पीडि़त परिवार ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। पीडि़त ने बताया कि उसके भाई की अभी तीन माह पहले ही शादी हुई थी।




