भिंड, अक्षय जोशी। गोहद थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐंचाय रोड स्थित प्रकाश नगर वार्ड क्रमांक 4 में दरमियानी रात एक युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शादी समारोह से लौटने के बाद ससुराल पहुंचे जीजा ने 20 वर्षीय साले पर पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गोहद क्षेत्र में जीजा और साले के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसने विवाद का रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि गेट देरी से खोलने को लेकर भी तनाव की स्थिति बनी। विवाद के बाद आरोपी जीजा आनंद देर रात अपनी बाइक से प्रकाश नगर वार्ड नंबर 4 स्थित ससुराल पहुंचा और वहां 20 वर्षीय साले सूरज पर पत्थर से वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने से सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी जीजा आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।













