मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले की पोरसा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोथर कला में चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर नई सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, वहां पहले से ही सीसी सड़क बनी हुई है और पुरानी सड़क के ऊपर ही नई सीसी डाली जा रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में सरकारी राशि खर्च की जा रही है, ऐसे में यह जांच जरूरी है कि पहले से बनी सड़क के स्थान पर दोबारा निर्माण की स्वीकृति किस आधार पर दी गई। उन्होंने सड़क की तकनीकी स्वीकृति, लागत, निर्माण की आवश्यकता और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।


ग्रामीणों ने जनपद पंचायत पोरसा एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमों के विपरीत निर्माण पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।


हालांकि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य स्वीकृत प्रावधानों और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराया जा रहा है या नहीं।