अहमदाबाद। भारत की प्रमुख बिल्डिंग मटेरियल कंपनियों में से एक अदाणी सीमेंट ने बुधवार को कहा कि उसने गुजरात स्थित अपने सांघी प्लांट में भारी क्षमता वाले इलेक्ट्रिक ट्रकों को तैनात किया है। ग्रीन लॉजिस्टिक्स और टिकाऊ विकास की पहल के तहत परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की यह पहली तैनाती है।अदाणी सीमेंट के सीईओ विनोद बाहेती ने कहा कि कंपनी क्लिंकर और सीमेंट के परिवहन के लिए भारत में कई मार्गों पर इलेक्ट्रिक ट्रकों की तैनाती का विस्तार करने की योजना बना रही है।
बाहेती ने कहा, "सांघी में इलेक्ट्रिक ट्रकों की तैनाती सिर्फ शुरुआत है। हमने क्लिंकर और सीमेंट के इलेक्ट्रिक वाहनों से परिवहन के लिए पूरे भारत में कई मार्गों की पहचान की है। प्रत्येक इलेक्ट्रिक ट्रक हमारे कार्बन उत्सर्जन को कम करता है और डीजल की कीमतों में उतार-चढ़ाव से हमारी लॉजिस्टिक्स लागत को सुरक्षित रखता है।"
उन्होंने कहा कि इस पहल से भारत की विकास यात्रा और पर्यावरणीय स्थिरता में योगदान देने के साथ-साथ सीमेंट कारोबार को अधिक हरित और प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने कहा कि भारत के सीमेंट क्षेत्र में भारी क्षमता वाले इलेक्ट्रिक ट्रकों की आर्थिक व्यवहार्यता में सुधार हुआ है। पिछले एक दशक में जहां डीजल की कीमतों में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, वहीं लिथियम-आयन बैटरी पैक की लागत में लगभग 70 प्रतिशत और सौर ऊर्जा टैरिफ में 47 प्रतिशत की गिरावट आई है।
कंपनी के अनुसार, डीजल ट्रक प्रति किलोमीटर लगभग 0.7375 किलोग्राम कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन करते हैं, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित इलेक्ट्रिक ट्रक माल परिवहन से जुड़े उत्सर्जन को 100 प्रतिशत तक समाप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा, अदाणी सीमेंट के 410 ट्रकों के बेड़े से सालाना 25,000 टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है। साथ ही, इससे हर साल 1.1 करोड़ लीटर डीजल की खपत के बराबर बचत होगी।
कंपनी की योजना इलेक्ट्रिक ट्रकों की तैनाती का विस्तार अन्य मार्गों और प्लांटों तक करने की है।
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सीमेंट उत्पादक देश है और आपूर्ति श्रृंखला के तहत चूना पत्थर, क्लिंकर और तैयार सीमेंट का परिवहन इस उद्योग के परिचालन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
माल परिवहन के विद्युतीकरण से सीमेंट उद्योग के लॉजिस्टिक्स परिचालन से जुड़ी लागत और पर्यावरण संबंधी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इससे स्कोप-3 उत्सर्जन को कम करने में भी योगदान मिलेगा।

















