सतना, सजल कुमार रजक। सतना के सरदार वल्लभ भाई पटेल शासकीय जिला चिकित्सालय से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बड़ी नाकामी सामने आई है। जिले भर के हजारों लोगों की सेहत का केंद्र रहने वाले इस अस्पताल के ओल्ड आईसीयू और बर्न यूनिट में लगे एसी लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। बर्न वार्ड में भर्ती आग से झुलसे मरीज और सर्जिकल पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में भर्ती गंभीर मरीज भीषण गर्मी और उमस के बीच तड़पने को मजबूर हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
शो-पीस बने सर्जिकल वार्ड के AC, इंफेक्शन के खतरे के बीच स्ट्रेचर पर जिंदगी और मौत से जूझते मरीज
अस्पताल के सर्जिकल पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड यानी ओल्ड आईसीयू की हकीकत बेहद चौंकाने वाली है। मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए यहां कुल 6 एसी लगाए गए थे, लेकिन हकीकत में ये सिर्फ दीवारों पर टंगे शो-पीस बने हुए हैं। ऑपरेशन के तुरंत बाद मरीजों को इंफेक्शन से बचाने और सही रिकवरी के लिए ठंडे और अनुकूल वातावरण की सख्त आवश्यकता होती है, लेकिन यहां का माहौल मरीजों के स्वास्थ्य को सुधारने के बजाय और बिगाड़ रहा है।
2 AC की आउटडोर यूनिट हो चुकी है चोरी, बाकी बचे एसी ठंडी के बजाय फेंक रहे गर्म हवा
अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का आलम यह है कि ओल्ड आईसीयू वार्ड में लगे 2 एसी की आउटडोर यूनिट काफी समय पहले चोरी हो चुकी है, जिसके बाद से दोनों एसी पूरी तरह ठप पड़े हैं। वहीं, बचे हुए 4 एसी से ठंडी हवा की उम्मीद लगाए मरीजों को निराशा हाथ लग रही है, क्योंकि ये एसी कूलिंग करने के बजाय गर्म हवा उगल रहे हैं। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के बीच भर्ती मरीजों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

















