भोपाल,जीतेंद्र यादव। भोपाल में अशोका गार्डन क्षेत्र में युवक विजय मेवाड़ा की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में विभिन्न हिंदू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्रित हुए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि हत्या के दोषियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी सीएम हाउस की ओर कूच करने लगे। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए पॉलिटेक्निक चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
प्रदर्शन के चलते पॉलिटेक्निक चौराहे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात को डायवर्ट करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति लंबे समय तक सामान्य नहीं हो सकी।
हिंदू संगठनों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।



