दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। हटा-पन्ना स्टेट हाईवे पर दमोह-हटा-सिमरिया मार्ग का निर्माण कार्य इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। उप तहसील मुख्यालय गैसाबाद में सीसी सड़क निर्माण के चलते आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। बुधवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सड़क पर लंबा जाम लग गया।


सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण वाहनों की आमने-सामने क्रॉसिंग नहीं हो सकी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में सीमेंट प्लांट के भारी वाहन, बलकर सहित छोटे-बड़े वाहन फंसे नजर आए। इससे यात्रियों, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था और वैकल्पिक आवागमन की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। वहीं सड़क निर्माण के दौरान उड़ रही धूल से दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।