मैहर, नरेन्द्र पटेल। जिले में पिछले करीब 21 दिनों से भटक रहा जंगली हाथी सोमवार देर रात गांवों से होते हुए रामनगर शहर के रहवासी इलाकों तक पहुंच गया। हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीण और शहरवासियों में दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ लोग बाइक और पैदल हाथी के पीछे चल पड़े, जिसके चलते वन विभाग और पुलिस को लोगों को मौके से दूर रखने में मशक्कत करनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि हाथी ने गेलेहरी, पुरैना, गंजास, हरदुआ और मड़करा सहित आसपास के गांवों में खेतों में घुसकर धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने कुछ कच्चे मकानों को भी क्षतिग्रस्त किया है। खेतों में फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है।
देर रात हाथी के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाने की कार्रवाई शुरू की। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की निगरानी कर रही है।
पिछले 21 दिनों से क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में भय बना हुआ है। वहीं किसानों को अपनी खड़ी फसल और घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से आबादी क्षेत्र से दूर ले जाने और फसल व मकानों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।











