भिंड, अक्षय जोशी। उमरी थाना क्षेत्र के ढोंचरा गांव में सोमवार रात खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। गैस लीकेज के बाद सिलेंडर के नोजल में आग पकड़ ली और देखते ही देखते तेज लपटें उठने लगीं। आग बढ़ती देख परिवार के सदस्य तत्काल घर से बाहर निकल आए और ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी।


सूचना मिलते ही एफआरबी वाहन में तैनात आरक्षक अमित बघेल, शिवम तोमर और आलोक सेंगर मौके पर पहुंचे। जवानों ने स्थिति को समझते हुए सावधानी के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस जवानों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया।


जानकारी के अनुसार ढोंचरा निवासी बृजेन्द्र सिंह राजावत (59) पिता विशम्भर सिंह राजावत के घर में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण नोजल में आग लग गई। सिलेंडर से लगातार लपटें उठती देखकर परिवार ने घर खाली कर दिया। आग की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। डायल-112 के जवानों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।