रायपुर, 2 अप्रैल । भाजपा नेता उज्जवल दीपक ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दावा किया है कि इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जनता ने मन बना लिया है। रायपुर में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता उज्जवल दीपक ने कहा कि बंगाल में इस बार टीएमसी की सरकार नहीं बनेगी। बंगाल की जनता त्रस्त है। प्रदेश में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी।

ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वे हमेशा जनता को वोट डालने से रोकती हैं, उनकी पार्टी टीएमसी प्रदेश में हिंसा करती है। 15 साल से जनता उन्हें झेल रही है। लेकिन, अब टीएमसी का अंत होने वाला है।

उन्होंने कहा कि भले ही ममता बनर्जी कितना भी भ्रम फैलाए, इस बार भाजपा की सरकार बनना तय है।

नक्सलवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की जननी कांग्रेस पार्टी है और इसका पालन-पोषण भी कांग्रेस ने ही किया है। तमाम घटनाक्रम इस बात की ओर इशारा करते हैं कि कांग्रेस नक्सलियों का संरक्षण करती रही है। खालिस्तानियों का संरक्षण भी कांग्रेस पार्टी ही करती है।

भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के दौरान ऐसे तत्वों को शामिल किया था जो भारत को तोड़ने की साजिश रचते थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व नेताओं ने कई बार बयान दिया है कि नक्सली हमारे भाई-बहन हैं।

केरल में राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान को हास्यस्पद बताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि बिहार को गरीब बनाने का काम लालू परिवार ने ही किया है। लालू राज में बिहार में जंगलराज था, दिन-दहाड़े किडनैपिंग होती थी, और युवाओं को रोजगार बेचा जाता था। तेजस्वी के पिता के कार्यकाल में चारा घोटाला हुआ था। तेजस्वी यादव के परिवार ने दशकों तक सत्ता संभाली। जब उनके पिता जेल गए तो मां ने कुर्सी संभाली।

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं जो भारत के हित में हैं। एक तरफ दूसरे देशों में जनता पर बोझ बढ़ रहा है, दूसरी तरफ भारत में जनता पर कोई बोझ नहीं है। हालांकि, कुछ समय के लिए हल्की परेशानी हुई थी। लेकिन, बाकी सब कुछ ठीक है। बांग्लादेश, पाकिस्तान और फिलिस्तीन में तेल संकट है। हमारे देश में एलपीजी का संकट नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा अनावश्यक पैनिक फैलाया जा रहा है। लेकिन जनता समझदार है, उन्हें पता है कि पीएम मोदी के रहते, हर समस्या का समाधान हो जाएगा।