भोपाल,जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल में एडीजी ट्रेनिंग राजा बाबू सिंह के साथ गाली-गलौंच और अभद्रता के मामले में पुलिस ने दो युवकों नीतेश और रुद्राक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी शराब के नशे में आपस में झगड़ा कर रहे थे और इसी दौरान यह घटना हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि एडीजी राजा बाबू सिंह को किसी प्रकार का जान से खतरा नहीं है।
वहीं, जेके हॉस्पिटल और यूनिवर्सिटी को ईमेल के जरिए बम ब्लास्ट की धमकी मिलने के मामले में भी पुलिस कमिश्नर ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि ये मेल किसी शरारती तत्व द्वारा भेजे जा रहे हैं और तकनीकी कारणों से आरोपी की पहचान करने में समय लग रहा है। एक ही तरह के मेल बार-बार भेजे जा रहे हैं और अब तक आज चार स्थानों पर ऐसे मेल प्राप्त हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले का राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई संबंध नहीं है और जांच जारी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

