धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 12 लोगों की असमय मौत हो गई। चिकलिया फाटा पर जिओ पेट्रोल पंप के पास मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर तीन-चार बार पलटी और सड़क के दूसरी ओर जाकर एक स्कॉर्पियो से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक दो बच्चों सहित 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पिकअप में करीब 35 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी कर लौट रहे थे।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और घायलों को तत्काल धार जिला अस्पताल ले जाया गया। ड्यूटी डॉक्टर छत्रपाल सिंह के अनुसार, घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए 10 लोगों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। एसपी मयंक अवस्थी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पिकअप वाहन की रफ्तार बहुत तेज होना सामने आया है, जिसके कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। मलबे में तब्दील हुए वाहनों और मौके पर मची चीख-पुकार ने चश्मदीदों को भी दहला दिया। मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।


घटना पर गहरा दुख जताते हुए धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इंदौर के अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि रेफर किए गए घायलों को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा मिल सके। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने कहा कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया है।