रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई चंद्रवंशी अपने पति शंभूलाल चंद्रवंशी के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गईं। जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह से कलेक्टर से मुलाकात के लिए समय मांग रहे थे, लेकिन दिनभर इंतजार के बाद भी उन्हें मिलने का मौका नहीं मिला। इससे नाराज़ होकर अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरना शुरू कर दिया।


धरने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई। अध्यक्ष के पति शंभूलाल चंद्रवंशी ने कहा कि अध्यक्ष पद पर होने के बावजूद उन्हें कोई महत्व नहीं दिया जा रहा है, जिससे वे आहत हैं। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की।


मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल दोनों की मांग है कि कलेक्टर उनसे मिलकर उनकी समस्याएं सुनें।