बड़ामलहरा, लोकेन्द्र सिंह। पवित्र रमजान माह के समापन के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार बड़ामलहरा नगर में पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर की ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ईद की नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाह में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोगों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ नमाज में हिस्सा लिया।


रमजान के पूरे तीस दिनों तक रोजा रखने और कुरान शरीफ की तिलावत करने के बाद मुस्लिम समुदाय ने ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया। इस मौके पर हाफिज नमाज सिद्दीकी ने विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान मुल्क में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज खत्म होने के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।


ईदगाह परिसर में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने नए कपड़े पहनकर नमाज में भाग लिया। नमाज के दौरान आपसी एकता, प्रेम और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया, जिससे समाज में भाईचारा और मजबूत हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी श्रद्धा शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल और राजस्व विभाग का अमला मौके पर तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन की मौजूदगी में नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई और कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं देखी गई।


इस अवसर पर नगर के कई गणमान्य नागरिक भी ईदगाह पहुंचे और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। कार्यक्रम में हाफिज अब्दुल गफ्फार खान, शेख रफीक मौलवी, हाजी मुकीम खान, मुजीब खान, कमेटी सदर मेहबूब खान, कदीर खान, शफीक बेग, इरफान खान, रजा मुराद और गौस अहमद सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे।


कुल मिलाकर बड़ामलहरा में ईद-उल-फितर का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया, जिसने समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया।