मुंबई। लोकप्रिय सीरीज 'मिर्जापुर' के मुन्ना त्रिपाठी का किरदार निभाने वाले अभिनेता दिव्येंदु शर्मा की फैन फॉलोइंग बेहद जबरदस्त है। उन्होंने मेहनत और प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बनाई है। जब एक इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि अगर मुन्ना त्रिपाठी की मुलाकात महानायक अमिताभ बच्चन से हो जाए तो वह क्या कहेगा, तो दिव्येंदु ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ''आप हमारे पापा बन जाइए।'' उनका यह जवाब खूब चर्चा में रहा।दिव्येंदु शर्मा का जन्म 19 जून 1983 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव अभिनय की ओर बढ़ने लगा। उन्होंने कॉलेज थिएटर में सक्रिय रहने के बाद पुणे के एफटीआईआई से अभिनय का प्रशिक्षण लिया।

अभिनय सीखने के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया, लेकिन यहां उनको लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। कई इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में काम की काफी कमी थी। फिल्मों में मौका पाने से पहले उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया। आर्थिक तंगी का दौर भी देखा। एक समय ऐसा था, जब वह रोज कुछ पैसे बचाकर रखते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर खाना खा सकें। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार ऑडिशन देते रहे।

साल 2007 में उन्हें पहली बार फिल्म 'आ जा नचले' में एक रोल मिला। फिल्म में उनकी भूमिका बहुत छोटी थी, इसलिए उन्हें खास पहचान नहीं मिली। असली बदलाव साल 2011 में आया, जब वह फिल्म 'प्यार का पंचनाम' में 'लिक्विड' के किरदार में नजर आए। उनका यह किरदार दर्शकों को इतना पसंद आया कि वह रातोंरात चर्चा में आ गए। इसी फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का सम्मान भी मिला और इंडस्ट्री में उनकी पहचान बनने लगी।

इसके बाद दिव्येंदु ने 'चश्मे बद्दूर', 'इक्कीस तोपों की सलामी', 'टॉयलेट: एक प्रेम कथा' और 'बत्ती गुल मीटर चालू' जैसी फिल्मों में काम किया। इन फिल्मों में उनके अभिनय की सराहना हुई, लेकिन वह स्टारडम हासिल नहीं कर पाए, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ साल 2018 में आया।

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई वेब सीरीज 'मिर्जापुर' ने उनकी किस्मत बदल दी। 'मुन्ना त्रिपाठी' के किरदार में उन्होंने ऐसा अभिनय किया कि दर्शक उनके दीवाने हो गए। उनका अंदाज, डायलॉग और स्क्रीन प्रेजेंस लोगों को बेहद पसंद आया। यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी लोग उन्हें 'मुन्ना भैया' के नाम से बुलाते हैं। बाद में वह 'बिच्छू का खेल' और 'द रेलवे मैन' समेत अन्य प्रोजेक्ट्स में भी नजर आए, जहां उनके काम की जमकर तारीफ हुई।

वह अमिताभ बच्चन को अपनी प्रेरणा मानते हैं। ऐसे में जब उनसे मुन्ना त्रिपाठी के नजरिए से एक इंटरव्यू में पूछा गया कि अगर मुन्ना को अमिताभ बच्चन मिल जाएं और उनका किरदार क्या बोलेगा?, इस पर दिव्येंदु शर्मा ने मजेदार अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''बच्चन साहब के सामने कुछ भी न बोलें तो बेहतर है, लेकिन अगर बोलना पड़े, तो कहेगा- 'आप हमारे पापा बन जाइए।'''

दिव्येंदु को उनके अभिनय के लिए कई सम्मान भी मिले। 'प्यार का पंचनामा' के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का अवॉर्ड मिला, जबकि 'मिर्जापुर' में मुन्ना त्रिपाठी के किरदार के लिए उन्हें कई नॉमिनेशन और अवॉर्ड प्राप्त हुए। ओटीटी की दुनिया में उनका नाम आज सबसे चर्चित कलाकारों में गिना जाता है।