मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता विक्की कौशल की एक्टिंग के लोग दीवाने हैं। बचपन में भी उनका परफॉर्मेंस देने का अंदाज कुछ ऐसा ही था कि घरवाले भी हैरान रह जाते थे। वह सोते-सोते ऐसी बातें करते थे, जैसे सच में किसी से बातचीत कर रहे हों। कभी अचानक उठकर भाई सनी कौशल से अपना पेपर चेक करने को कहते, तो कभी मां को बताते कि कोई उनका पर्स छीनकर ले गया है। विक्की की इसी मजेदार आदत का खुलासा सनी ने 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में किया था।विक्की और सनी कौशल शो के पहले सीजन में साथ पहुंचे थे। बातचीत के दौरान सनी ने बताया कि उनके बड़े भाई बचपन में नींद में सिर्फ बड़बड़ाते ही नहीं थे बल्कि ऐसा लगता था जैसे कोई पूरा सीन परफॉर्म कर रहे हों। सनी के लिए कई बार यह समझना मुश्किल हो जाता था कि विक्की सच में जाग रहे हैं या फिर नींद में ही बोल रहे हैं।
सनी ने कहा, ''बचपन में वह नींद में बातें करता था। आमतौर पर लोग नींद में कुछ बड़बड़ाते हैं लेकिन वह तो पूरी परफॉर्मेंस देता था। मुझे समझ ही नहीं आता था कि वह जाग रहा है या सो रहा है।''
सनी ने इसी आदत से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर शो में मौजूद लोग भी हंसने लगे। उन्होंने बताया, ''एक रात हम दोनों भाई एक ही कमरे में सो रहे थे। विक्की मुझसे 45 मिनट पहले सो गए थे और गहरी नींद में थे। मैं भी सोने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक विक्की ने अपनी चादर हटाई और उनसे कहा, 'चेक करो।'''
उन्होंने कहा, ''मुझे समझ नहीं आया कि आखिर किस चीज की बात हो रही है। मैंने पूछा कि क्या चेक करना है? इस पर विक्की ने नींद में ही जवाब दिया, 'मेरा पेपर हो गया है, चेक करो।' यह सुनकर मैं हैरान रह गया। वह गहरी नींद में था लेकिन बातें ऐसे कर रहा था जैसे अभी-अभी एग्जाम देकर उठा हो और अब उसे अपना पेपर चेक करवाना हो।''
सनी ने कहा, ''मुझे समझ में आ गया कि मेरा भाई नींद में ही बातें कर रहा है। ऐसे में मैंने उसे जगाने की कोशिश करने के बजाय उससे बातचीत जारी रखी। कुछ देर बाद विक्की दोबारा सो गए।''
सनी ने बताया कि यह आदत सिर्फ उनके साथ ही नहीं बल्कि विक्की की मां के साथ भी एक बार ऐसा ही हुआ था। विक्की ने खुद इस घटना को याद करते हुए बताया कि एक रात वह नींद में अचानक उठे और चिल्लाने लगे कि कोई उनकी मां का पर्स छीनकर ले गया है।

















