पन्ना, अमित सिंह राठौर। जिले के शाहनगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वन्यजीवों के अवैध शिकार और उनके मांस की खरीद-बिक्री से जुड़ा एक मामला सामने आया है। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डेढ़ किलो जंगली सूअर के मांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
घटना 6 नवंबर 2026 की है, जब शाहनगर वन परिक्षेत्र की सुनपुरा बीट में वन विभाग का अमला नियमित गश्त पर था। गश्त के दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में बोरी लेकर गुजर रहा था। वन कर्मचारियों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो वह मौके से भागने की कोशिश करने लगा। वन अमले ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान बोरी से मांस के टुकड़े बरामद हुए, जिनकी पुष्टि आरोपी ने जंगली सूअर के मांस के रूप में की।
पकड़े गए आरोपी की पहचान ग्राम परासी निवासी लवकुश आदिवासी के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने यह करीब डेढ़ किलो मांस गांव के ही रहने वाले शिवचरण आदिवासी से खरीदा था। इस खुलासे के बाद वन विभाग ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए दूसरे आरोपी शिवचरण को भी धर दबोचा।
ये भी पढ़ें




कार्रवाई के अगले चरण में लवकुश आदिवासी को 7 नवंबर और शिवचरण को 14 नवंबर को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में सुनपुरा बीटगार्ड ओमनारायण प्रजापति सहित वन विभाग के अन्य मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।












