सागर, जीशान खान। मोतीनगर थाना क्षेत्र के मछरयाई इलाके में शनिवार शाम एक लाइसेंसी शराब दुकान के परिसर में शराब पीने के बाद दो युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुरव्याउ टौरी निवासी विष्णु खटीक (35) और मछरयाई निवासी कमलेश सोनी (22) शनिवार शाम करीब 5:30 बजे मछरयाई स्थित शराब दुकान परिसर में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों की हालत बिगड़ गई। विष्णु के मुंह से झाग निकलने लगा और कमलेश अचेत हो गया। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद विष्णु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमलेश का अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक विष्णु के भाई पप्पू खटीक ने बताया कि घटना के समय परिजन बाजार गए हुए थे। एक परिचित से सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस विष्णु को अस्पताल ले जा चुकी थी।
ये भी पढ़ें




मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। आबकारी अधिकारी पूजा वर्मा ने बताया कि दुकान को सील कर वहां से शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही दुकान के स्टॉक और खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। वहीं, एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक, मृतक विष्णु शराब पीने का आदी था और ठीक से भोजन भी नहीं करता था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल शराब के जहरीली या अमानक होने की आशंका पर जांच जारी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम और शराब की सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।











