मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। संगीत सम्राट उस्ताद अलाउद्दीन खान की स्मृति में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे संगीत समारोह में स्थानीय कलाकारों की अनदेखी का मामला सामने आया है। जिस 'नल तरंग' वाद्य यंत्र को उस्ताद अलाउद्दीन खान ने जन्म दिया था, उसी के मैहर निवासी साधक आशु चौरसिया को इस बार समारोह के मंच से बाहर रखा गया है। प्रशासन से तवज्जो न मिलने के कारण आशु इन दिनों मैहर के फुटपाथ और सड़कों पर बैठकर नल तरंग बजा रहे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मीडिया से बातचीत में आशु चौरसिया ने प्रशासन पर स्थानीय कलाकारों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि हर साल बाबा की याद में होने वाले इस आयोजन में स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाता था, लेकिन इस बार उन्हें नजरअंदाज कर बाहरी लोगों से नल तरंग बजवाया जा रहा है। आशु का दावा है कि पूरे मैहर में केवल दो ही लोग—वे स्वयं और एक महिला—इस दुर्लभ वाद्य यंत्र को बजाने में सक्षम हैं, इसके बावजूद उन्हें अवसर नहीं मिला।


कई बड़े मंचों पर अपनी कला का लोहा मनवा चुके आशु ने बताया कि यह कला उन्हें विरासत में मिली है। उनके पिता ने अपना पूरा जीवन बाबा अलाउद्दीन खान की सेवा में समर्पित कर दिया था, और उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने इस साधना को अपनाया। वर्तमान में नल तरंग ही उनकी आजीविका और जीवन का एकमात्र आधार है। आशु ने जिला प्रशासन से स्थानीय प्रतिभा का सम्मान करते हुए उन्हें समारोह के मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान करने की मांग की है।