छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में लोकायुक्त भोपाल की टीम ने भ्रष्टाचार और अनुपातहीन संपत्ति के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए वन विभाग के उप-वनमंडल अधिकारी (एसडीओ) संजीव शर्मा के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (पचमढ़ी) में पदस्थ एसडीओ संजीव शर्मा के छिंदवाड़ा स्थित प्रोफेसर कॉलोनी निवास पर की गई इस दबिश में लोकायुक्त टीम ने बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, महंगे वाहन और संपत्ति के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में अधिकारी के पास उनकी ज्ञात आय से करीब ढाई गुना अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।
लॉकरों और गुप्त स्थानों से मिले 927 ग्राम सोना, चांदी और नकद राशि
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे लोकायुक्त भोपाल के डीएसपी अजय मिश्रा ने बरामदगी का विवरण साझा करते हुए बताया कि तलाशी के दौरान घर के विभिन्न हिस्सों और लॉकरों से 927 ग्राम सोना तथा 356 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त आवास से करीब 3 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, जेवर और नकदी घर में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी, जिसे टीम ने बेहद बारीकी से तलाशने के बाद अपने कब्जे में लिया।
ये भी पढ़ें




बुलेट और महिंद्रा वाहन बरामद, 60x40 प्लॉट पर बने मकान का होगा पीडब्ल्यूडी से मूल्यांकन
तलाशी के दौरान टीम को तीन वाहन भी मिले हैं, जिनमें लगभग साढ़े 4 लाख रुपये कीमत की एक बुलेट मोटरसाइकिल, करीब 1 लाख 16 हजार रुपये का एक अन्य दोपहिया वाहन तथा महिंद्रा कंपनी की एक चारपहिया गाड़ी शामिल है। इसके साथ ही प्रोफेसर कॉलोनी में 60x40 वर्गफीट के प्लॉट पर निर्मित आलीशान मकान भी लोकायुक्त की जांच के दायरे में है, जिसका वास्तविक मूल्यांकन लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों से कराया जाएगा। प्रारंभिक आकलन में मकान की कीमत को छोड़कर ही करीब एक करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति सामने आ चुकी है।
पचमढ़ी में रिसोर्ट और बैंक खातों के दस्तावेजों की हो रही गहन पड़ताल
लोकायुक्त टीम को एसडीओ संजीव शर्मा के आवास से 3 से 4 बैंक खातों की जानकारी और जमीन व संपत्ति के क्रय-विक्रय से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन बैंक खातों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा पचमढ़ी क्षेत्र में प्रॉपर्टी और रिसोर्ट में निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी समीक्षा की जा रही है, जिसकी विस्तृत स्थिति पचमढ़ी में समानांतर कार्रवाई कर रही लोकायुक्त की दूसरी टीम की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी। लोकायुक्त ने संजीव शर्मा के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रकरण पहले ही दर्ज कर लिया है और दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

















