श्योपुर, उत्तम रावत। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में राजस्व, वन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रुंडी में दबिश देकर वहां अवैध रूप से डंप किए गए करीब 500 से 800 ट्रॉली रेत के विशाल भंडार को नष्ट (विनिष्टीकरण) करा दिया। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
ये भी पढ़ें




एसडीएम गगन सिंह मीना के नेतृत्व में संयुक्त दल ने संभाला मोर्चा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन को ग्राम रुंडी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शीला दाहिमा के निर्देश पर एसडीएम गगन सिंह मीना के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेत के विशाल भंडारण का भौतिक निरीक्षण किया और दस्तावेजों व वैधता की जांच के उपरांत नियमानुसार पूरी रेत का विनिष्टीकरण कराया। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक सहित वन विभाग और पुलिस प्रशासन का भारी अमला मौके पर तैनात रहा, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
अवैध खनन और भंडारण के विरुद्ध जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके से स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध खनिज गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से रेत का उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वाले तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार की सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
















