भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी में आगामी 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली 'एशियन वूमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026' के प्रति उत्साह जगाने और नारी शक्ति को समर्पित करने के उद्देश्य से आज भव्य 'हॉकी वॉकथॉन' का आयोजन किया गया। मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में निकाली गई इस वॉकथॉन में ओलंपियन विवेक सागर विशेष रूप से शामिल हुए।

होटल लेकव्यू रंजीत से शुरू होकर वन विहार तक निकली इस वॉकथॉन में शहर के खिलाड़ियों, प्रबुद्धजनों, व्यापारी वर्ग, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर महिला खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।


इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत सहित एशिया की 6 शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें करीब 150 महिला खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगी। सभी मुकाबले बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। इसके अलावा, स्टार स्पोर्ट्स और हॉटस्टार के माध्यम से 166 देशों में इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण किया जाएगा। गौरतलब है कि भोपाल, एफआईएच (FIH) कैटेगरी-1 स्टेडियम का गौरव हासिल करने वाला देश का दूसरा शहर बन गया है।