मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 44 पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां सेब (सेव) से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर ही पलट गया। यह ट्रक ग्वालियर की दिशा में जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक में लदा सेब सडक़ पर बिखर गया, जिससे वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और हाईवे की एक लेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, 2 घंटे की मशक्कत के बाद खुलवाया जाम

दुर्घटना की खबर मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हादसे के कारण हाईवे पर काफी लंबा जाम लग चुका था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सडक़ किनारे करवाया और यातायात को बहाल करने में जुट गई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे से ट्रक को हटाकर आवागमन को फिर से सामान्य कराया जा सका।