छतरपुर, संदीप यादव। अजनर थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतिका के मायके पक्ष ने उसके पति पर शराब के नशे में लगातार प्रताड़ित करने और बीती रात जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
15 दिन पहले भी हुई थी मारपीट, अस्पताल में कराना पड़ा था इलाज
मृतिका के भाई अजयकांत सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बहन विनीता सोनी (29 वर्ष) की शादी वर्ष 2019 में ग्राम खिरिया निवासी भरत सोनी के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल जाने के कुछ समय बाद से ही पति भरत सोनी शराब के नशे में विनीता के साथ मारपीट करने लगा था। अभी महज 15 दिन पहले ही पति ने अपनी बहन अंजलि के कहने पर विनीता के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसकी जानकारी मिलने पर मायके वाले उसे बेलाताल अस्पताल ले गए थे जहां उसका इलाज कराया गया था।
कल रात फिर दी गई यातना, छतरपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, कल रात ससुराल पक्ष के लोगों ने एक बार फिर विनीता के साथ मारपीट की और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग तुरंत खिरिया पहुंचे और गंभीर हालत में उसे अपने निजी वाहन से छतरपुर के एक निजी अस्पताल लेकर आए। यहां उपचार के दौरान देर रात विनीता ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छतरपुर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस अब मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।















