बैतूल,सुरेन्द्र बावने। चिचोली नगर और ग्रामीण अंचलों में 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। विजय दशमी के मौके पर सुबह स्वयंसेवक संघ द्वारा शस्त्र पूजन कर भव्य पथ संचलन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवक शामिल हुए।

सिपलाई डेम पर देर रात तक हुआ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन

दोपहर के समय विभिन्न दुर्गा पंडालों से माता रानी की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। नगर परिषद, दशहरा समिति और विवेकानंद स्कूल सहित कई संस्थाओं द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर भंडारे व प्रसादी का वितरण किया गया। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच सिपलाई डेम पर देर रात तक प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला चलता रहा।

गोधना जलाशय में जाग घट विसर्जन के दौरान डूबा 50 वर्षीय युवक

त्योहार के दौरान एक दुख्द घटना भी सामने आई। गोधना जलाशय में देवी के जाग घट का विसर्जन करने गए गोधना निवासी 50 वर्षीय सिंगू पिता श्यामू गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम की मदद ली जा रही है।

डीजे पर प्रतिबंध से बांसकार समाज के युवाओं को मिला पारंपरिक रोजगार

इस वर्ष उत्सव के दौरान डीजे साउंड पर लगाए गए प्रतिबंध का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। इसके चलते पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाने वाले बांसकार समाज के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए, जिससे उनके बीच काफी खुशी का माहौल रहा।