सतना, सजल कुमार रजक। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतदेव तालाब के पास स्थित रामजानकी धर्मशाला में मिले 70 वर्षीय वृद्ध के अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। वृद्ध की सनसनीखेज हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके सगे 42 वर्षीय भांजे ने ही पैसे के लालच और आपसी विवाद के कारण की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे में बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

बदबू आने पर खुला था राज, पुलिस ने खंगाले थे सीसीटीवी फुटेज

मामले का खुलासा तब हुआ जब 19 अक्टूबर को जगतदेव तालाब मंदिर के समीप स्थित रामजानकी धर्मशाला के एक कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ताला तोड़कर देखा तो कमरे के अंदर चारपाई पर नागौद थाना क्षेत्र के हिलीधा बरेठिया निवासी 70 वर्षीय बिहारीलाल पाठक का कई दिन पुराना शव पड़ा मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ शुरू की।

गाली-गलौज से नाराज होकर रात में सो रहे वृद्ध पर किया टांगी से हमला

जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के भांजे राघवेंद्र मिश्रा (निवासी घूमन, थाना डभौरा, जिला रीवा) को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। सघन पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना की रात दोनों धर्मशाला के कमरे में रुके हुए थे। इस दौरान मृतक द्वारा गाली-गलौज किए जाने से वह बेहद नाराज हो गया। रात करीब 12 बजे जब बिहारीलाल पाठक सो रहे थे, तब उसने कमरे में रखी टांगी से उनके सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

चोरी की वारदात को अंजाम देकर तालाब में फेंकी कमरे की चाबी

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को कंबल और कपड़ों से ढंक दिया तथा आला-ए-कत्ल टांगी को कमरे में रखी लकड़ियों के बीच छिपा दिया। इसके बाद उसने मृतक की पेटी से नकदी व अन्य कागजात चोरी किए और सुबह करीब 4:30 बजे कमरे के बाहर ताला लगाकर चाबियां जगतदेव तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, लूटी गई नकदी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं।