सतना, मुकेश त्रिपाठी। जिले के रामपुर बाघेलान में विजयादशमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में माता रानी के विभिन्न स्वरूपों का चल समारोह अत्यंत शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चल समारोह के दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता रानी की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

शासन-प्रशासन के नियमों का हुआ पालन, नवदुर्गा उत्सव समितियों का रहा सराहनीय सहयोग

धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया गया। नगर की समस्त नवदुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। समितियों के सक्रिय सहयोग से चल समारोह के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनी रही, जिसके चलते विजयादशमी का यह महापर्व सौहार्द और अनुशासन की मिसाल बना।