जबलपुर, अनुराग शुक्ला। जबलपुर के विजयनगर स्थित मुसकान प्लाजा परिसर में देर रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आवारा कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कार भरत सोनी का नाबालिग पुत्र चला रहा था। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और अधिक गरमा गया, जिसके बाद रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।

पीड़ित कुत्ते के इलाज और दोषियों पर कार्रवाई की मांग, मौके पर गाली-गलौज और महिलाओं से अभद्रता का भी आरोप

हादसे के तुरंत बाद जेडी कॉलोनी के रहवासी घायल कुत्ते के समुचित इलाज और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग को लेकर विजयनगर थाने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने संबंधित पक्ष पर विवाद के समय गाली-गलौज करने, महिलाओं के साथ अभद्रता करने और छीना-झपटी करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा भी पुलिस थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन से बेजुबानों की सुरक्षा तथा आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज, जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए विजयनगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि रहवासियों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल कुत्ते का इलाज जारी है और क्षेत्रवासी पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।